Saturday, April 20, 2024
Advertisement

महागठबंधन की चौथी रैली कल, 25 साल बाद एक मंच पर होंगे मायावती और मुलायम

सपा-बसपा-रालोद महागठबंधन की चौथी रैली शुक्रवार को मैनपुरी में होगी। इस दौरान बसपा अध्यक्ष मायावती भी अपने दशकों पुराने प्रतिद्वंद्वी सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के लिए वोट मांगेंगी।

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: April 18, 2019 18:13 IST
mayawati and mulayam singh yadav- India TV Hindi
mayawati and mulayam singh yadav

मैनपुरी: सपा-बसपा-रालोद महागठबंधन की चौथी रैली शुक्रवार को मैनपुरी में होगी। इस दौरान बसपा अध्यक्ष मायावती भी अपने दशकों पुराने प्रतिद्वंद्वी सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के लिए वोट मांगेंगी। मैनपुरी की क्रिश्चियन फील्ड में होने वाली इस रैली में मायावती और मुलायम के मंच साझा करने की सम्भावना है। इसके जरिये महागठबंधन प्रतिद्वंद्वियों को यह संदेश देने की कोशिश करेगा कि सभी दल भाजपा के खिलाफ एकजुट हैं।

सपा के जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा ने बताया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा मुखिया मायावती और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह रैली को सम्बोधित करेंगे। इस मौके पर सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव भी मौजूद रहेंगे। रैली की तैयारियों में जुटे मैनपुरी सदर से सपा विधायक राज कुमार उर्फ राजू यादव ने बताया कि मुलायम ने कल रैली में हिस्सा लेने की पुष्टि की है। शुरू में ऐसी खबरें थीं कि मुलायम रैली में शामिल नहीं होंगे। वर्मा ने बताया कि रैली स्थल पर 40 लाख लोगों को जुटाने की तैयारी की गई है।

इस बीच, बसपा जिलाध्यक्ष शिवम सिंह ने बताया कि मायावती शुक्रवार को सैफई के रास्ते मैनपुरी पहुंचेंगी।

मालूम हो कि वर्ष 1993 में गठबंधन कर सरकार बनाने वाली सपा और बसपा के बीच पांच जून 1995 को लखनऊ में हुए गेस्ट हाउस काण्ड के बाद जबर्दस्त खाई पैदा हो गई थी। हालांकि लोकसभा चुनाव से पहले सपा से हाथ मिलाने के बाद मायावती स्पष्ट कर चुकी हैं कि दोनों पार्टियों ने भाजपा को हराने के लिए आपसी गिले-शिकवे भुला दिए हैं। अब सबकी निगाहें कल मायावती के सम्बोधन पर होंगी।

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Lok Sabha Chunav 2019 News in Hindi के लिए क्लिक करें चुनाव 2024 सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement