Wednesday, April 24, 2024
Advertisement

अमित शाह को गांधीनगर से चुनाव लड़ाना चाहते हैं BJP कार्यकर्ता

गुजरात भाजपा के कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी अध्यक्ष राज्य में गांधीनगर संसदीय सीट से चुनाव लड़े जहां मतदान 23 अप्रैल को होगा। पार्टी के एक विधायक ने रविवार को यह जानकारी दी।

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: March 17, 2019 15:24 IST
pm modi and amit shah- India TV Hindi
pm modi and amit shah

अहमदाबाद: गुजरात भाजपा के कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी अध्यक्ष राज्य में गांधीनगर संसदीय सीट से चुनाव लड़े जहां मतदान 23 अप्रैल को होगा। पार्टी के एक विधायक ने रविवार को यह जानकारी दी। यह सीट अभी भाजपा के वरिष्ठ नेता एल के आडवाणी के पास है। भाजपा ने इस सीट से उम्मीदवार के बारे में गांधीनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की राय जानने के लिए शनिवार को पर्यवेक्षकों को भेजा था।

वेजलपुर से पार्टी के विधायक किशोर चौहान ने कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह गांधीनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ें। मैंने पर्यवेक्षकों के समक्ष यह मांग की थी और सभी ने इसका समर्थन किया।’’ वेजलपुर गांधीनगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि शाह पहले सरखेज सीट से विधायक थे। यह सीट भी गांधीनगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत आती है। चौहान ने कहा, ‘‘वह (शाह) यहां हर किसी को जानते हैं और वह हमारा प्रतिनिधित्व करने के लिए उचित उम्मीदवार हैं।’’

पार्टी पर्यवेक्षक निमाबेन आचार्य ने बताया कि किसी भी भाजपा कार्यकर्ता या नेता ने गांधीनगर सीट के लिए दावा पेश नहीं किया है और सभी ने एक स्वर में मांग की है कि उनका राष्ट्रीय नेता इस सीट से चुनाव लड़े। पार्टी के एक अन्य पर्यवेक्षक पृथ्वीराज पटेल ने बताया कि सभी भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि अभी तक यह सीट एक राष्ट्रीय नेता के पास थी तो केंद्रीय नेतृत्व में से ही किसी को यहां से चुनाव लड़ना चाहिए।

एल के आडवाणी साल 1996 के लोकसभा चुनाव को छोड़कर 1991 के बाद से गांधीनगर सीट से छह बार जीते हैं।

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Lok Sabha Chunav 2019 News in Hindi के लिए क्लिक करें चुनाव 2024 सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement