Thursday, April 25, 2024
Advertisement

कांग्रेस और आप मिलकर नहीं लड़ेंगे चुनाव, संजय सिंह ने कहा-'कांग्रेस नहीं चाहती गठबंधन'

आप नेता संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी को रोकने के लिए हम कांग्रेस से गठबंधन करना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस गठबंधन के मूड में नहीं है।

IndiaTV Hindi Desk Written by: IndiaTV Hindi Desk
Updated on: April 17, 2019 20:50 IST
Sanjay Singh Aam Aadmi Party- India TV Hindi
Image Source : ANI Sanjay Singh Aam Aadmi Party

नई दिल्ली: कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर चल रही कवायद अब खत्म नजर आ रही है। आप नेता संजय सिंह ने आज मीडिया से बात करते हुए कहा कि बीजेपी को रोकने के लिए हम कांग्रेस से गठबंधन करना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस गठबंधन के मूड में नहीं है। यह बेहद खेदजनक है कि इतने प्रयास के बाद भी कांग्रेस किसी तरह के समझौते के पक्ष में नहीं है। इससे साफ हो गया है कि अब दोनों दल लोकसभा चुनाव साथ मिलकर नहीं लड़ेगे।

संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा में गठबंधन करने से इनकार कर दिया है और हम सिर्फ दिल्ली में गठबंधन नहीं करना चाहते। आपको बता दें कि पिछले कुछ अर्से से दोनों दलों के बीच रह-रहकर गठबंधन की खबरें आती रही है लेकिन इसपर कोई ठोस सहमति नहीं बन पा रही थी। 

आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बुधवार को कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के बयानों का हवाला देते हुये कहा कि कांग्रेस का रवैया बताता है कि वह मोदी को रोकने के मूड में नहीं है। गठबंधन के प्रयासों में हो रही देरी के लिये कांग्रेस जिम्मेदार है।’’ आप के सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व के साथ बातचीत जारी है। पार्टी ने कांग्रेस के समक्ष दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ की 18 सीटों में से कांग्रेस को दस, आप को पांच और जननायक जनता पार्टी (जजपा) को तीन सीट पर चुनाव लड़ने की पेशकश की है। 

सिंह को आप नेतृत्व ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की बातचीत के लिये अधिकृत किया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के प्रयास अब पूर्ण विराम की ओर हैं। हमारी पार्टी अपने प्रचार अभियान में बहुत आगे बढ़ चुकी है।’’ सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गुलाम नबी आजाद के साथ मेरी मुलाकात हुई तो मैंने यही कहा कि इस वक्त मोदी को रोकना जरूरी है, इसलिए हरियाणा में कांग्रेस छह, जजपा तीन और आप एक सीट पर चुनाव लड़े। हम दिल्ली में 4:3 के फार्मूले के लिए तैयार हैं।’’ 

सिंह ने कांग्रेस के रुख पर निराशा जताते हुये कहा, ‘‘हमने बहुत प्रयास कर लिया। कांग्रेस के सारे नेतृत्व से बात कर ली, लेकिन मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस, भाजपा और मोदी को रोकने के मूड में है।’’ गौरतलब है कि कांग्रेस दिल्ली में आप से 4:3 के फार्मूले के तहत तालमेल की पेशकश कर चुकी है, लेकिन आप दिल्ली के साथ हरियाणा में गठबंधन पर जोर दे रही है। आप सूत्रों का कहना था कि अगर गठबंधन सिर्फ दिल्ली में होगा तो फिर 5:2 फार्मूले पर होगा। (इनपुट-भाषा)

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Lok Sabha Chunav 2019 News in Hindi के लिए क्लिक करें चुनाव 2024 सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement