Saturday, April 20, 2024
Advertisement

NDA संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा- हम नई ऊर्जा के साथ, नया भारत बनाने के लिए, एक नई यात्रा शुरू करेंगे

संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुन लिया गया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, "मैं इस बात की घोषणा कर खुश हूं कि नरेंद्र मोदी को सर्वसम्मति से भाजपा संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है।"

IndiaTV Hindi Desk Written by: IndiaTV Hindi Desk
Updated on: May 25, 2019 22:59 IST
Narendra Modi elected as the leader of the BJP Parliamentary Party- India TV Hindi
Narendra Modi elected as the leader of the BJP Parliamentary Party

नई दिल्ली: संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुन लिया गया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, "मैं इस बात की घोषणा कर खुश हूं कि नरेंद्र मोदी को सर्वसम्मति से भाजपा संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है।"

इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल के नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने मोदी को राजग संसदीय दल का नेता चुनने के लिए एक प्रस्ताव पेश किया, जिसका जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान और राजग के अन्य नेताओं ने समर्थन किया।

बता दें कि प्रचंड और ऐतिहासिक जीत के बाद पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह आज सुबह से बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। सबसे पहले मोदी और अमित शाह ने लालकृष्ण आडवाणी के घर जाकर उनसे आशीर्वाद लिया और उसके बाद मोदी और शाह ने मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की। पीएम मोदी जब मुरली मनोहर जोशी के घर पहुंचे तो जोशी ने गले लगाकर उनका स्वागत किया।

गौरतलब है कि देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘प्रचंड लहर’ पर सवार भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव 2019 में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार केंद्र में सरकार बनाने जा रही है और इसने 300 के आंकड़े के पार कर लिया है।

NDA संसदीय दल की बैठक LIVE UPDATES

Auto Refresh
Refresh
  • 9:18 PM (IST)

    राष्ट्रपति ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री नियुक्त किया, राष्ट्रपति ने शपथग्रहण का न्योता दिया।

     

  • 8:59 PM (IST)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। जिसके बाद राष्ट्रपति ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है।

  • 8:57 PM (IST)

    राष्ट्रपति भवन पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलकर सरकार बनाने का दावा करेंगे पेश।

  • 7:41 PM (IST)

    संविधान को साक्षी मानकर हम संकल्प लें कि देश के सभी वर्गों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। पंथ-जाति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। हम सबको मिलकर 21वीं सदी में हिंदुस्तान को ऊंचाइयों पर ले जाना है। सबका साथ, सबका विकास और अब सबका विश्वास ये हमारा मंत्र है: पीएम मोदी

  • 7:41 PM (IST)

    दुर्भाग्य से देश की माइनॉरिटी को उस छलावे में ऐसा भ्रमित और भयभीत रख गया है, उससे अच्छा होता कि माइनॉरिटी की शिक्षा, स्वास्थ्य की चिंता की जाती। 2019 में आपसे अपेक्षा करने आया हूं कि हमें इस छल को भी छेदना है। हमें विश्वास जीतना है: पीएम मोदी

  • 7:35 PM (IST)

    देश पर इस गरीबी का जो टैग लगा है, उससे देश को मुक्त करना है। गरीबों के हक के लिए हमें जीना-जूझना है, अपना जीवन खपाना है। गरीबों के साथ जैसा छल हुआ, वैसा ही छल देश की माइनॉरिटी के साथ हुआ है: पीएम मोदी

  • 7:35 PM (IST)

    देश में गरीब एक राजनीतिक संवाद-विवाद का विषय रहा, एक फैशन का हिस्सा बन गया, भ्रमजाल में रहा। पांच साल के कार्यकाल में हम कह सकते हैं कि हमने गरीबों के साथ जो छल चल रहा था, उस छल में हमने छेद किया है और सीधे गरीब के पास पहुंचे हैं: पीएम मोदी

  • 7:30 PM (IST)

    2014 में मैंने कहा था कि मेरी सरकार देश के दलितों, गरीबों, पीड़ितों, वंचितों, आदिवासियों को समर्पित है। आज फिर मैं कहना चाहता हूं कि 5 साल में हमने उस बात से अपने को ओझल नहीं होने दिया: पीएम मोदी

  • 7:29 PM (IST)

    2014 से 2019 तक हमने गरीबों के लिए सरकार चलाई और आज मैं बड़े संतोष के साथ कह सकता हूं कि ये सरकार देश के गरीबों ने बनाई है: पीएम मोदी

  • 7:28 PM (IST)

    वीआईपी कल्चर से देश को बड़ी नफरत है। हम भी नागरिक हैं तो कतार में क्यों खड़े नहीं रह सकते। मैं चाहता हूं कि हमें जनता को ध्यान में रखकर खुद को बदलना चाहिए। लाल बत्ती हटाने से कोई आर्थिक फायदा नहीं हुए, जनता के बीच अच्छा मैसेज गया है: पीएम मोदी

  • 7:25 PM (IST)

    इस देश में बहुत ऐसे नरेन्द्र मोदी पैदा हो गए हैं, जिन्होंने मंत्रिमंडल बना दिया है। जो भी जीतकर आए हैं, सब मेरे हैं। सरकार और कोई बनाने वाला नहीं है, जिसकी जिम्मेवारी है वही बनाने वाले हैं। अखबार के पन्नों से न मंत्री बनते हैं, न मंत्रिपद जाते हैं: पीएम मोदी

  • 7:24 PM (IST)

    हम न हमारी हैसियत से जीतकर आते हैं, न कोई वर्ग हमें जिताता है, न मोदी हमें जिताता है। हमें सिर्फ देश की जनता जिताती है। हम जो कुछ भी हैं मोदी के कारण नहीं, जनता जनार्दन के कारण हैं। हम यहां अपनी योग्यता के कारण नहीं हैं, जनता जनार्दन के कारण हैं: पीएम मोदी

  • 7:18 PM (IST)

    हमारा मोह हमें संकट में डालता है। इसलिए हमारे नए और पुराना साथी इन चीजों से बचें क्योंकि अब देश माफ नहीं करेगा। हमारी बहुत बड़ी जिम्मेदारियां है। हमें इन्हें निभाना है। वाणी से, बर्ताव से, आचार से, विचार से हमें अपने आपको बदलना होगा: पीएम मोदी

  • 7:12 PM (IST)

    हम जो कुछ भी हैं जनता के कारण हैं, मोदी के कारण नहीं हैं। - पीएम नरेंद्र मोदी

  • 7:09 PM (IST)

    एनडीए के पास दो महत्वपूर्ण चीजें हैं, जो हमारी अमानत है। एक है एनर्जी और दूसरा है सिनर्जी। ये एनर्जी और सिनर्जी एक ऐसा केमिकल है, जिसको लेकर हम सशक्त और सामर्थ्यवान हुए हैं। जिसको लेकर हमें आगे चलना है: पीएम मोदी

  • 7:03 PM (IST)

    इस बार माताओं-बहनों ने कमाल कर दिया है। भारत की आजादी के बाद पार्लियामेंट में इतनी बड़ी तादात में महिला सांसद बैठने की ये पहली घटना होगी। ये अपने आप में बहुत बड़ा काम हमारी मातृ शक्ति द्वारा हुआ है: पीएम मोदी

  • 7:02 PM (IST)

    मेरे जीवन के कई पड़ाव रहे, इसलिए मैं इन चीजों को भली-भांति समझता हूं, मैंने इतने चुनाव देखे, हार-जीत सब देखे, लेकिन मैं कह सकता हूं कि मेरे जीवन में 2019 का चुनाव एक प्रकार की तीर्थयात्रा थी: पीएम नरेंद्र मोदी

  • 7:02 PM (IST)

    2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को जितने वोट मिले और 2019 में जो वोट मिले, उनमें जो वृद्धि हुई है, यह वृद्धि करीब-करीब 25 प्रतिशत है: पीएम मोदी

  • 6:59 PM (IST)

    जनप्रतिनिधि के लिए कोई भेद भाव की सीमा रेखा नहीं होती। जो हमारे साथ थे, हम उनके लिए भी हैं, जो भविष्य में हमारे साथ होंगे हम उनके लिए भी हैं। जनप्रतिनिधियों से मेरा आग्रह रहेगा है कि मानवीय संवेदनाओं के साथ अब हमारा कोई पराया नहीं रह सकता है। इसकी ताकत बहुत बड़ी होती है। दिलों को जीतने की कोशिश करेंगे: पीएम मोदी

  • 6:54 PM (IST)

    जनप्रतिनिधि के लिए कोई भेद भाव की सीमा रेखा नहीं होती। जो हमारे साथ थे, हम उनके लिए भी हैं, जो भविष्य में हमारे साथ होंगे हम उनके लिए भी हैं: पीएम मोदी

  • 6:48 PM (IST)

    भारत के लोकतांत्रिक जीवन में, चुनावी परंपरा में देश की जनता ने एक नए युग का आरंभ किया है। हम सब उसके साक्षी हैं। 2014 से 2019 तक देश हमारे साथ चला है, कभी-कभी हमसे दो कदम आगे चला है, इस दौरान देश ने हमारे साथ भागीदारी की है: पीएम मोदी

  • 6:48 PM (IST)

    आम तौर पर कहा जाता है कि चुनाव बांट देता है, दूरियां पैदा करता है, दीवार बना देता है। लेकिन 2019 के चुनाव ने दीवारों को तोड़ने का काम किया है। इस चुनाव ने दिलों को जोड़ने काम किया है।ये चुनाव सामाजिक एकता का आंदोलन बन गया है: पीएम मोदी

  • 6:46 PM (IST)

    सेंट्रल हॉल की आज ये घटना असामान्य घटना है. हम आज नए भारत के हमारे संकल्प को एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने के लिए एक नई यात्रा को यहां से आगे बढ़ाने वाले हैं: पीएम मोदी

  • 6:46 PM (IST)

    देश की राजनीति ने जो बदलाव आया है, आप सभी ने इसका नेतृत्व किया है। आप सभी अभिनंदन के आभारी हैं। लेकिन जो सदस्य पहली बार चुनकर आए हैं वे विशेष अभिनंदन के आभारी हैं: पीएम मोदी

  • 6:45 PM (IST)

    भारत में तो चुनाव अपने आप में उत्सव था, मतदान भी अनेक रंगों से भरा था। लेकिन विजयोत्सव उससे भी अधिक शानदार था। देश के साथ विश्वभर के भारत प्रेमियों ने इस विजयोत्सव में हिस्सा लिया है। ये हमारे लिए गर्व की बात है: पीएम मोदी

  • 6:45 PM (IST)

    ये चुनाव कितना बड़ा और व्यापक होता है इसकी व्यवस्थाएं कितनी होती हैं, ये विश्व के लिए बहुत बड़ा अजूबा है। इस काम को चुनाव आयोग ने, राज्यों के चुनाव आयोग ने, सरकारी मुलाजिम, सुरक्षा बल इन सब की एक कठोर परिश्रम का एक कालखंड होता है: पीएम मोदी

  • 6:45 PM (IST)

    भारत के लोकतंत्र को हमें समझना होगा। भारत का मतदाता, भारत के नागरिक के नीर, क्षीर, विवेक को किसी मापदंड से मापा नहीं जा सकता है। हम कह सकते हैं सत्ता का रुतबा भारत के मतदाता को कभी प्रभावित नहीं करता है। सत्ताभाव भारत का मतदाता कभी स्वीकार नहीं करता है: पीएम मोदी

  • 6:45 PM (IST)

    आज एनडीए के सभी वरिष्ट साथियों ने मुझे आशीर्वाद दिया है। आप सबने मुझे नेता के रूप में चुना है। मैं इसे व्यवस्था का हिस्सा मानता हूं। मैं भी आपमें से एक हूं। आपके बराबर हूं। हमें कंधे से कंधा मिलाकर चलना है: पीएम मोदी

  • 6:37 PM (IST)

    मैं ह्रदय से आप सबका आभार व्यक्त करता हूं। भाजपा ने संसदीय दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से मुझे चुना और एनडीए के सभी दलों ने इसका समर्थन किया और इसके लिए मैं आभारी हूं: पीएम मोदी

  • 6:29 PM (IST)

    कश्मीर से कन्याकुमारी और कामाख्या से कच्छ तक जनता ने मोदी जी के समर्थन में मतदान किया है। चुनाव प्रक्रिया के समय देश में हर जगह मोदी जी की सुनामी दिखाई देती थी, इस सुनामी ने विपक्षी पार्टियों को ध्वस्त कर दिया है: अमित शाह

  • 6:26 PM (IST)

    60 के दशक के बाद इस देश के लोकतंत्र को परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण इन तीन नासूरों ने डसा हुआ था। हर जनादेश कहीं न कहीं परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति से ग्रसित था।2019 के जनादेश ने परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण को राजनीति से बाहर निकाल दिया है: अमित शाह

  • 6:25 PM (IST)

    जिस प्रकार से मोदी जी ने पांच साल शासन चलाया उसको देश की जनता ने स्वीकारा है। वो बताता है कि देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी एक्सपेरिमेंट को मन से फिर एक बार स्वीकारा है: अमित शाह

  • 6:25 PM (IST)

    चुनाव अभियान के समय कई सवाल उठाए जाते थे, लेकिन हमारे सभी साथियों को विश्वास था कि हम 50 प्रतिशत की लड़ाई लड़ेंगे और एनडीए को मोदी जी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत प्राप्त होगा: अमित शाह

  • 6:15 PM (IST)

    ये प्रचंड जनादेश जो हमें मिला है वो ऐतिहासिक जनादेश है। भाजपा के 303 सांसद चुनकर आना और एनडीए के 353 सांसद चुनकर आना जनता का अपार समर्थन है: श्री अमित शाह

  • 6:13 PM (IST)
  • 6:13 PM (IST)

    संसद के सेंट्रल हॉल में बीजेपी संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बीजेपी संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है।

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Lok Sabha Chunav 2019 News in Hindi के लिए क्लिक करें चुनाव 2024 सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement