Wednesday, April 24, 2024
Advertisement

कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया, साथी नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार ने पार्टी के कुछ नेताओं पर परिवारवाद, भ्रष्टाचार और पार्टी के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को पद से इस्तीफा दे दिया।

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: August 09, 2019 20:07 IST
Ajoy Kumar- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA फाइल फोटो

नई दिल्ली। कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार ने पार्टी के कुछ नेताओं पर परिवारवाद, भ्रष्टाचार और पार्टी के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को पद से इस्तीफा दे दिया।

अजय कुमार ने राहुल गांधी को भेजे त्यागपत्र में कहा, ‘‘मैंने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूरी मेहनत की, लेकिन मेरे प्रयास को कुछ लोगों ने अवरुद्ध करने का काम किया। तमाम अवरोधों के बावजूद और ‘तथाकथित नेताओं’ के सहयोग के बिना इस बार के चुनाव में कांग्रेस के मत प्रतिशत में 2014 की तुलना में 12 फीसदी का उछाल आया।’’

उन्होंने कुछ नेताओं पर अपने बेटे-बेटियों को टिकट दिलाने की पैरवी करने का आरोप लगाया और दावा किया कि जब किसी नेता को अपनी सीट असुरक्षित होने का अहसास होता है तो वह पार्टी में तबाही मचाने लगता है।

भारतीय पुलिस सेवा में रह चुके कुमार ने कहा, ‘‘मैं सिर्फ यह चाहता हूं कि कांग्रेस अपनी मूल जड़ों की तरफ लौटे और वो मुद्दे उठाए जो जनता के लिए महत्वपूर्ण हैं।’’ उन्होंने यह दावा भी किया, ‘‘हमारे यहां ओछे स्वार्थ वाले नेताओं की एक लंबी सूची है। उनका एकमात्र उद्देश्य सत्ता हथियाना, टिकट बेचना या चुनाव के नाम पर धन एकत्र करना है। मैं आत्मविश्वास से कह सकता हूं कि खराब से खराब अपराधी भी मेरे इन सहयोगियों से बेहतर दिखते हैं।’’

कुमार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय पर पार्टी कार्यालय में अपने ऊपर पर हमला करने वालों को प्रोत्साहित करने का आरोप भी लगाया। फिलहाल इस आरोप पर सहाय की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उन्होंने अपने त्यागपत्र की प्रति पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, एके एंटनी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को भी भेजी है। गौरतलब है कि पिछले कुछ हफ्तों से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी में आपसी कलह की खबरें आ रही थीं।

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2019 News in Hindi के लिए क्लिक करें चुनाव 2024 सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement