A
Hindi News पैसा बाजार सोने-चांदी ने किया तेजी के साथ 2017 को अलविदा, सोने का भाव 175 रुपए बढ़कर हुआ 30,400 रुपए/दस ग्राम

सोने-चांदी ने किया तेजी के साथ 2017 को अलविदा, सोने का भाव 175 रुपए बढ़कर हुआ 30,400 रुपए/दस ग्राम

आज सर्राफा बाजार में सोना 175 रुपए की तेजी के साथ 30,400 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। यह एक महीने का सबसे ऊंचा स्‍तर है।

gold- India TV Paisa gold

नई दिल्‍ली। 2017 के आखिरी कारोबारी दिन सोने-चांदी में दोबारा तेजी लौटी और इस तरह कीमती धातुओं ने जाते हुए साल को नई ऊंचाई पर चढ़कर विदाई दी। आज सर्राफा बाजार में सोना 175 रुपए की तेजी के साथ 30,400 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। यह एक महीने का सबसे ऊंचा स्‍तर है। विदेशों में सकारात्‍मक रुख और स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की खरीदारी बढ़ने से सोने में यह तेजी आई है। औद्योगिक इकाइयों और सिक्‍का निर्माताओं की बढ़ी हुई खरीदारी की वजह से चांदी में भी तेजी बरकरार रही और आज यह 280 रुपए बढ़कर 39,980 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।

कारोबारियों ने बताया कि अंतरराष्‍ट्रीय बाजारों में सकारात्‍मक रुख बने रहने, जहां कमजोर डॉलर और राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण सोना एक महीने के उच्‍च स्‍तर 1302.50 डॉल प्रति औंस पर पहुंच गया, और स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की मांग बढ़ने से कीमतों को समर्थन मिला।

साल 2017 की बात करें तो पूरे साल के दौरान स्‍थानीय बाजार में सोने में 2100 रुपए या 7.42 प्रतिशत की तेजी आई है, जबकि इस दौरान चांदी 580 रुपए या 1.47 प्रतिशत बढ़ी है। यह तेजी अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने की वजह से आई। 2017 के दौरान सोने ने 31,350 रुपए प्रति 10 ग्राम (8 सितंबर) के उच्‍च स्‍तर और 28,300 रुपए (2 जनवरी) के निम्‍न स्‍तर को छुआ।

वैश्विक स्‍तर पर सोने ने साल का अंत 1302.50 डॉलर प्रति औंस के साथ किया। पिछले साल के अंतिम दिन सोना 1150.90 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था। चांदी भी 6.48 प्रतिशत की तेजी के साथ 16.91 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई, पिछले साल आखिरी कारोबा‍री दिन यह 15.88 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी।  

दिल्‍ली में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के भाव 175-175 रुपए बढ़कर क्रमश: 30,400 रुपए और 30,250 रुपए प्रति दस ग्राम हो गए। इससे पहले शुक्रवार को सोने के भाव में 25 रुपए की गिरावट आई थी। हालांकि सीमित कारोबार की वजह से गिन्‍नी का भाव बिना किसी परिवर्तन के 24,700 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर बना रहा।

सोने की तरह चांदी तैयार का भाव भी आज 280 रुपए की तेजी के साथ 39,980 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। वहीं साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव 430 रुपए बढ़कर 39,220 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। चांदी सिक्‍कों का भाव 73,000 रुपए खरीद और 74,000 रुपए बिक्री प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।  

Latest Business News