A
Hindi News भारत उत्तर प्रदेश देवरिया शेल्टर होम रेप केस: में जिस्मफरोशी के मामले पर बोली मेनका गांधी- ऐसी बहुत सारी जगह निकलेंगी

देवरिया शेल्टर होम रेप केस: में जिस्मफरोशी के मामले पर बोली मेनका गांधी- ऐसी बहुत सारी जगह निकलेंगी

देवरिया जिले में स्थित एक बालिका संरक्षण गृह में कथित तौर पर जिस्मफरोशी का धंधा संचालित होने का मामला सामने आया है।

<p> केंद्रीय महिला एवं...- India TV Hindi  केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी 

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में स्थित एक बालिका संरक्षण गृह में कथित तौर पर जिस्मफरोशी का धंधा संचालित होने की खबर सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। जहां एक तरफ सरकार इस मुद्दे पर बेहद तेजी से कार्रवाई करने की कोशिश करती दिखाई दे रही है वहीं विपक्ष पर भी बेहद हमलावर दिखाई दे रहा है। अब तक इस मामले में संचालिका समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वहीं मुख्ममंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रवैया अपनाते हुए सोमवार को महिला कल्याण मंत्री रीता जोशी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक की, और इसके बाद देवरिया के जिलाधिकारी सुजीत कुमार को हटा दिया गया। राज्य की महिला कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने पत्रकारों को बताया कि उच्चस्तरीय समिति का गठन कर मामले की जांच रपट 12 घंटे के भीतर तलब की गई है। रीता जोशी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दो अधिकारियों नीरज कुमार एवं अनूप सिंह के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। 

विपक्ष हुआ हमलावर

विपक्षी दलों ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जोरदार हमला बोला। मायावती ने कहा है कि उप्र में भी बिहार जैसा घिनौना कांड हुआ है, लेकिन सरकार इस पूरे मामले पर लीपापोती करती नजर आ रही है। उन्होंने इस मामले में दोषी लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। मायावती ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा, "भाजपा शासित राज्यों में जंगलराज है तथा कानून-व्यवस्था की तरह महिला सुरक्षा एवं सम्मान भी भाजपा की प्राथमिकता में नही है। यह पूरे देश के लिए शर्म एवं चिंता का विषय है।"

प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह ने इस घटना को लेकर सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में ‘राक्षसराज‘ है। कांग्रेस नेता अशोक सिंह ने भी घटना की सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि नारी के सम्मान की बात करके सत्ता में आयी भाजपा के शासन में ऐसी घटनाएं बेहद शर्मनाक हैं। 

मेनका गांधी ने दिया विवादास्पद बयान

बिहार के मुजफ्फरपुर के बाद उत्तर प्रदेश के देवरिया में  महिला संरक्षण गृह में सामने आई इस घटना पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा है कि, " ये जो मुजफ्फरपुर और देवरिया में हुआ है उससे हम लोग चकित भी है और दुखी भी और मुझे मालूम है ऐसी बहुत सारी जगह निकलेगी।

क्या है पूरा मामला

मां विंध्यवासिनी महिला प्रशिक्षण एवं समाज सेवा संस्थान द्वारा शहर कोतवाली क्षेत्र में संचालित बाल एवं महिला संरक्षण गृह में रहने वाली एक लड़की रविवार को महिला थाने पहुंची और संरक्षण गृह में रह रही लड़कियों को कार से अक्सर बाहर ले जाये जाने और सुबह लौटने पर उनके रोने की बात बतायी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने सम्बन्धित संस्थान परिसर में छापा मारा और वहां से 24 बच्चों तथा महिलाओं को मुक्त कराया। साथ ही संस्थान परिसर को सील कर वहां की अधीक्षिका कंचनलता, संचालिका गिरिजा त्रिपाठी तथा उसके पति मोहन त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया। 

संरक्षण गृह में 42 लड़कियों का पंजीयन कराया गया है जिनमें से 18 अभी लापता हैं। उसकी तलाश की जा रही है। कनय ने यह भी बताया कि वहां रहने वाले बच्चों ने पुलिस को संरक्षण गृह में रह रही लड़कियों से देह व्यापार कराने की बात बतायी है। 

मुजफ्फरपुर बालिका गृह भी है जांच के घेरे में
बिहार के मुजफ्फरपुर में भी बेसहारा लड़कियों के लिए बने आश्रय गृह में 34 नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण का मामला सामने आया है। इस जघन्य कांड में 3 बच्चियों की मौत की भी बात सामने आ रही है। इस बालिका गृह का संचालन ब्रजेश ठाकुर नाम के शख्स का एनजीओ करता है। ब्रजेश ठाकुर समेत कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, इस मामले की मुख्य आरोपियों में से एक मधु कुमारी अभी भी फरार है। माना जा रहा है कि उसके पास ब्रजेश ठाकुर से जुड़ी कई जानकारियां हो सकती हैं।

Latest Uttar Pradesh News