A
Hindi News भारत राजनीति #IndiaTVSamvaad: अमित शाह ने कहा- 2019 में 2014 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी बीजेपी, सुरेश प्रभु बोले- 4 साल में मोदी सरकार ने बहुत कुछ बदल दिया

#IndiaTVSamvaad: अमित शाह ने कहा- 2019 में 2014 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी बीजेपी, सुरेश प्रभु बोले- 4 साल में मोदी सरकार ने बहुत कुछ बदल दिया

अमित शाह ने कहा, जो काम 70 साल में नहीं हुआ वह मोदी सरकार ने 4 साल में कर दिखाया है। शाह आज दिनभर चले इंडिया टीवी के कॉन्क्लेव इंडिया टीवी संवाद में रजत शर्मा के सवालों का जवाब दे रहे थे...

<p>बीजेपी के राष्ट्रीय...- India TV Hindi बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह

नई दिल्ली: बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने दावा किया है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 2014 से भी बड़ी जीत हासिल होगी। जो काम 70 साल में नहीं हुआ वह मोदी सरकार ने 4 साल में कर दिखाया है। शाह आज दिनभर चले इंडिया टीवी के कॉन्क्लेव इंडिया टीवी संवाद में रजत शर्मा के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस महीने नरेंद्र मोदी सरकार के 4 साल पूरे हो रहे हैं और इसी के साथ शुरू हो जाएगा 2019 के चुनाव का काउंटडाउन। इस मौके पर सबके मन में एक ही सवाल है कि मोदी के 4 साल, कितना बदला देश का हाल? इन 4 साल में मोदी सरकार ने विकास के कितने काम किये, कितने वादे पूरे किए, कितने वादे अभी भी अधूरे हैं। मोदी के विकास के दावों में कितना दम है? इन सारे सवालों के जवाब देने के लिए आज देश के नंबर वन चैनल इंडिया टीवी के खास कार्यक्रम ‘इंडिया टीवी संवाद’ में मोदी सरकार के मंत्रियों के अलावा विरोधी दलों के दिग्गज नेता एक मंच पर नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई और जनता के सवालों के जवाब भी दिए। विरोधी दलों के नेताओं ने भी 4 साल में मोदी सरकार ने विकास के कितने काम किए, कितने वादे पूरे किए, कितने वादे अभी भी अधूरे हैं इस पर चर्चा की। (इंडिया टीवी संवाद की गैलरी देखने के लिए क्लिक करें)

कश्मीर के हालात हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं, हमले होंगे तो जवान हाथ बांधे नहीं रहेंगे: राजनाथ सिंह

देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर सुरक्षाबलों पर हमले होंगे तो हमारे जवान अपने हाथ बांधे बैठे नहीं रहेंगे, हर आतंकी कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि कश्मीर के हालात हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं हैं और हम हालात को बेहतर बनाना चाहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कश्मीर के हालात बेहतर होंगे। वहीं धारा 370 हटाने के सवाल पर उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। कश्मीर में रमजान के महीने में आतंकवादियों को खिलाफ ऑपरेशन रोकने से जुड़े सवाल के जवाब में गृहमंत्री ने कहा कि हमने सुरक्षाबलों के हाथ नहीं बांधे हैं।  अगर आतंकी हमला करते हैं तो पहले जैसे कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि कश्मीर में एक साल में पौने तीन सौ आतंकवादी मारे गए हैं जो एक रिकॉर्ड है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

जनादेश का अपमान करके लोकतंत्र का सम्मान नहीं हो सकता: रविशंकर प्रसाद

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है। जनादेश का अपमान करके लोकतंत्र का सम्मान नहीं हो सकता। केंद्रीय मंत्री प्रसाद ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा से जुड़े सवाल पर कहा कि किसका बहुमत है यह विधानसभा में फ्लोर पर तय होता है। देश को वही चलाएगा जिसे जनता का आशीर्वाद मिला है। उनके मुख्‍यमंत्री दो जगह से लड़ते हैं एक जगह 36 हजार वोट से हारते है और एक जगह साढ़े सोलह हजार से जीतते हैं, उनके 16 मंत्री हार जाते हैं फिर भी दम की सरकार हम ही बनाएंगे।'' (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

4 साल में मोदी सरकार ने बहुत कुछ बदल दिया: सुरेश प्रभु

केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 4 साल में मोदी सरकार ने बहुत कुछ बदल दिया। इस देश में विदेशी निवेश बढ़ा और की क्षेत्रों में अहम बदलवा हुए। सुरेश प्रभु ने कहा कि पिछले चार साल के अंदर स्वरोजगार बढ़ा है। जहां-जहां चुनाव हुआ बीजेपी जीती इसका मतलब लोगों ने भी माना विकास हुआ है। देश में पहली बार सरकार ने कृषि निर्यात नीति बनाई। 4 साल पहले काफी लोग परेशान थे। विदेश के लोग निवेश करने के लिए तैयार नहीं थे। अगर रेल की बात करें तो पिछले 70 साल में रेल में 4 लाख करोड़ में निवेश किया लेकिन पिछले साढ़े तीन साल में 3 लाख 75 हजार करोड़ का निवेश हुआ है। सुरेश प्रभु ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में बड़े पैमाने पर बदलाव हुआ है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

कर्नाटक के गवर्नर को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए: मनीष तिवारी

इंडिया टीवी कॉन्क्लेव इंडिया टीवी संवाद में कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कर्नाटक के गवर्नर पर हमला बोलते हुए कहा है कि उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने संविधान को ताक पर रखकर फैसला लिया है इसलिए उन्हें अपने पद पर रहने का हक नहीं है। कर्नाटक में उन्होंने हॉर्स ट्रेडिंग का मौका दिया। हम धन्यवाद देना चाहते हैं सुप्रीम कोर्ट का जिसने इनसब पर रोक लगाई। सुप्रीम कोर्ट के फैसलों में यह साफ कहा गया है कि राज्यपाल को यह देखना होगा कि कौन सरकार बनाने में सक्षम हैं। इसमें राज्यपाल को जवाब देना चाहिेए कि 117 सदस्यों वाले को क्यों नहीं आमंत्रण दिया गया। इसलिए राज्यपाल को इस्तीफा देना चाहिए था। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

कांग्रेस-जेडीएम मैनिपुलेशन करने में सफल रही है: अमित शाह

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कर्नाटक में येदियुरप्पा के इस्तीफे से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का जनादेश दिया। यह जनादेश बीजेपी के पक्ष में था। सिद्धरामैया की सरकार के खिलाफ जनादेश था। कर्नाटक में बीजेपी की जीत हुई। कांग्रेस-जेडीएम मैनिपुलेशन करने में सफल रही है। वहीं बीजेपी द्वारा विधायकों को प्रलोभन देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि परिणाम से ही पता चलता है कि हमने खरीदफरोख्त नहीं की। जब खरीदने वाला खरीदने को तैयार नहीं तो फिर बिकने का सवाल कहां पैदा होता है। उन्होंने कहा, 'क्यों विधायकों को बंद करके रखा गया.. दूसरे राज्य में ले जाकर होटल में ताले लगाकर रखना.. आपने ऐसा गठबंधन बनाया जिससे आपके विधायक ही संतुष्ट नहीं हैं। जेडीएस के विधायक ही कह रहे हैं कि हम जनता को क्या मुंह दिखाएंगे।' (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

बीजेपी जीत के भी हार गई, कांग्रेस हार के भी जीत गई: संबित पात्रा

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कर्नाटक के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी जीत के भी हार गई, कांग्रेस हार के भी जीत गई। उन्होंने कर्नाटक चुनाव में अभिमन्यु को चक्रव्यूह में घसीट कर मारने की कोशिश की गई। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि आज राहुल गांधी जेडीएस की बैसाखी पकड़कर मीडिया को संबोधित करने आए। दूसरों के कंधे पर बंदूक रखकर गोली चलाना राहुल गांधी बंद करें। अपने कंधे का कब इस्तेमाल करेंगे राहुल गांधी।

संबित पात्रा दिन भर चले इंडिया टीवी के कॉन्क्लेव में बोल रहे थे। उनके साथ कांग्रेस की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी भी थी। प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र की हत्या करना चाहती थी लेकिन उनकी कोशिशों को कांग्रेस कामयाब नहीं होने देगी। इस दौरान कई बार बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा और कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी के बीच तीखी बहस देखने को मिली। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

Latest India News