Hindi News भारत राष्ट्रीय राहुल गांधी ने कहा- हवाई जहाज में हुई दिक्कत तो कैलाश मानसरोवर जाने का लिया संकल्प, कर्नाटक चुनाव के बाद लेंगे 15 दिन की छुट्टी

राहुल गांधी ने कहा- हवाई जहाज में हुई दिक्कत तो कैलाश मानसरोवर जाने का लिया संकल्प, कर्नाटक चुनाव के बाद लेंगे 15 दिन की छुट्टी

राहुल ने कहा कि बढ़ती महंगाई, किसानों की दुर्दशा, दलितों और महिलाओं पर अत्याचार और बेरोजगारी के खिलाफ जनता में आक्रोश है। इसी आक्रोश का प्रदर्शन के लिये लोग आज पहुंचे हैं।

<p>कांग्रेस अध्यक्ष...- India TV Hindi Image Source : PTI कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी।

नई दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की 'जन आक्रोश' रैली में कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की 'जनविरोधी नीतियों' के खिलाफ आयोजित इस रैली में दिल्ली के अलावा हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और देश के कई अन्य हिस्सों के कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी के पदाधिकारी ने बताया, ''इस रैली में देश भर से एक लाख से अधिक लोग पहुंचे। यह इस बात का प्रमाण है कि राहुल गांधी के नेतृत्व से लोगों को उम्मीदें हैं।''  कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 'राहुल गांधी जिन्दाबाद', 'सोनिया गांधी जिन्दाबाद' और 'मोदी सरकार हाय हाय' के नारे लगाए।

पूरी रैली के दौरान भीषण गर्मी के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बना रहा है। राहुल के संबोधन के दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे और तालियां बजाते रहे।  भाषण के बीच में बोलते हुए राहुल ने कहा कि 2-3 दिन पहले हम कर्नाटक जा रहे थे, हम हवाई जहाज में थे और अचानक हवाई जहाज 8 हजार फुट नीचे आ गया। मैंने सोचा, गाड़ी गई... तभी मेरे दिमाग में आया कि मैं कैलास मानसरोवर की यात्रा करूंगा। इसके बाद राहुल ने कहा कि, ‘कर्नाटक के चुनाव के बाद मुझे आपसे (कार्यकर्ताओं से) 10-15 दिन की छुट्टी चाहिए ताकि मैं कैलास मानसरोवर जा सकूं।’ कर्नाटक में 12 मई को चुनाव होने हैं।

पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि ‘जो आपका (कार्यकर्ता) आदर नहीं करेगा उसके खिलाफ मैं कार्रवाई करूंगा।’ उनके इस वाक्य पर रामलीला मैदान में मौजूदा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर तालियां बजाईं और ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार झा ने कहा, ‘‘राहुल गांधी के भाषण से कार्यकर्ताओं में नयी ऊर्जा का संचार हुआ है। उनके नेतृत्व से कार्यकर्ताओं में उम्मीद पैदा हुई है कि वह देश को निराशा के माहौल से बाहर निकालेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राहुल जी ने कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने के लिए कार्यकर्ताओं से इजाजत मांगी जिसका पूरे देश में सकारात्मक संदेश गया है। ’’ 

 

हरियाणा के झज्झर से आए एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘हरियाणा के लोगों ने भाजपा सरकार चुनी और आज सभी परेशान हैं। लोग फिर से कांग्रेस को लाना चाहते हैं। इस रैली से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश पैदा होगा।’कार्यकर्ताओं की हौसलाअफजाई करते हुए कांग्रेस नेता रागिनी नायक ने कहा, ''आजाद भारत में पहली बार ऐसा हुआ है कि देश की सभी संस्थाओं पर हमला किया गया है। बढ़ती महंगाई, किसानों की दुर्दशा, दलितों और महिलाओं पर अत्याचार और बेरोजगारी के खिलाफ जनता में आक्रोश है। इसी आक्रोश का प्रदर्शन के लिये लोग आज पहुंचे हैं।'' 

राहुल गांधी ने कल इस रैली में लोगों से शामिल होने की अपील करते हुए कहा था, ''मोदी सरकार के चार साल ... युवाओं को रोज़गार नहीं, महिलाओं को सुरक्षा नहीं, किसानों को सही दाम नहीं, दलितों-अल्पसंख्यकों को अधिकार नहीं... । इस निराशा से फैले भारी आक्रोश को प्रकट करने के लिए कल सुबह साढ़े नौ बजे रामलीला मैदान में "जन-आक्रोश रैली" में शामिल हों।'' 

Latest India News