A
Hindi News चुनाव 2024 लोकसभा चुनाव 2019 लोकसभा चुनाव 2019: तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, कहा- बिहार में NDA का खाता भी नहीं खुलेगा

लोकसभा चुनाव 2019: तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, कहा- बिहार में NDA का खाता भी नहीं खुलेगा

बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने बड़ा हमला बोला है।

महागठबंधन के अन्य नेताओं के साथ RJD नेता तेजस्वी यादव (बीच में) | Facebook फोटो- India TV Hindi मुकेश साहनी और उपेंद्र कुशवाहा के साथ RJD नेता तेजस्वी यादव (बीच में) | Facebook फोटो

पटना: बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी ने विपक्षी गठबंधन के सुर में सुर मिलाते हुए कहा है कि 2019 के आम चुनावों में राज्य में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला गठबंधन अपना खाता भी नहीं खोल पाएगा। यादव के साथ राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के नेता उपेन्द्र कुशवाहा, हम के नेता संतोष मांझी और कांग्रेस नेता नरेन्द्र कुमार ने भी NDA पर जोरदार हमला बोला।

महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर साधी चुप्पी
विपक्षी गठबंधन में मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के शामिल होने के अवसर पर उन्होंने ये बातें कहीं। तेजस्वी ने NDA पर हमला बोलते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘अवसरवादी’ बताया लेकिन महागठबंधन में सीट बंटवारे पर चुप्पी साधे रखी। NDA में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया गया जिसके मुताबिक भाजपा और जनता दल यूनाइटेड 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे जबकि LJP 6 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने नई दिल्ली में सीट बंटवारे की घोषणा की जिस दौरान JDU अध्यक्ष नीतीश कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान भी मौजूद रहे।

'बढ़ रही है महागठबंधन की ताकत'
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ‘बिहार में एक और दल मुकेश साहनी की VIP महागठबंधन में शामिल हो रहा है। यह दिखाता है कि महागठबंधन की ताकत बढ़ रही है। भाजपा नीत NDA लोकसभा चुनावों में यहां अपना खाता भी नहीं खोल पाएगा।’ यह पूछने पर कि महागठबंधन सीट बंटवारे की घोषणा कब करेगा तो यादव ने कहा, ‘हम साथ बैठेंगे और मुद्दे पर आराम से निर्णय करेंगे कि कौन पार्टी कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी।’ यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री को ‘सर्वाधिक अवसरवादी व्यक्ति’ बताया जिन्होंने NDA से हाथ मिला लिया।

'2019 के चुनावों में NDA का खाता भी नहीं खुलेगा'
इससे पहले यादव ने ट्वीट किया था कि बिहार में पिछले दरवाजे से सत्ता हासिल करने और 22 वर्तमान सांसद होने के बावजूद पार्टी कुमार को बराबर सीट देने पर राजी हो गई जिनके पास केवल 2 सीटें थीं। RJD नेता ने कहा कि अब आप NDA की मजबूरियों को समझ सकते हैं। NDA के साथ 17 वर्षों का गठबंधन खत्म करते हुए JDU 2014 के लोकसभा चुनावों में अकेले लड़ी थी। खराब प्रदर्शन के बाद इसने RJD के साथ ‘महागठबंधन’ किया था और 2015 के विधानसभा चुनावों में गठबंधन को अच्छी जीत हासिल हुई थी। कुशवाहा ने कहा कि NDA 2019 के लोकसभा चुनावों में बिहार में खाता भी नहीं खोल पाएगा।

साहनी ने कहा, NDA की 10 से ज्यादा सीटें आईं तो राजनीति छोड़ दूंगा
कुशवाहा ने कहा, ‘जो लोग महागठबंधन में शामिल हो रहे हैं वे लोगों के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकारों की नब्ज पहचानते हैं।’ इस अवसर पर VIP के साहनी ने कहा, ‘मैं राजनीति में नया हूं लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि NDA 2019 के लोकसभा चुनावों में दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाएगा और अगर ऐसा नहीं हुआ तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।’ बॉलीवुड के पूर्व सेट डिजाइनर साहनी ने अपना राजनीतिक दल VIP नवंबर में शुरू किया था और बताया जाता है कि उनकी जाति मल्लाहों के बीच पार्टी का खासा प्रभाव है।